वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

लाइफ करियर सीबीएसई स्कूल, आमला में नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव का भव्य आयोजन

 

बबलू निरापुरे आमला। लाइफ करियर सीनियर सेकेंडरी सीबीएसई स्कूल, आमला में नवरात्रि एवं दशहरा का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का उल्लास और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सुबह से ही विद्यार्थी पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर विद्यालय पहुँचे, जिससे पूरा परिसर रंगों और उमंग से भर उठा।

प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चे गरबा की आकर्षक वेशभूषा में सजकर आए। रंग-बिरंगे घाघरा-चोली, कुर्ता-धोती, दुपट्टे और पारंपरिक आभूषणों में सजे ये नन्हे कलाकार सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उनकी मासूम अदाओं और मनमोहक मुस्कान ने उपस्थित सभी शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की वेशभूषा धारण कर उनकी महिमा का सुंदर प्रदर्शन किया। वहीं कुछ विद्यार्थी भगवान श्री राम, लक्ष्मण, माता सीता और महावीर हनुमान जी की वेशभूषा में सजकर आए, जिन्होंने अपने सजीव अभिनय से सभी को प्रभावित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक गरबा एवं डांडिया नृत्य की प्रस्तुति दी। ढोल और संगीत की धुनों पर थिरकते बच्चों ने खूब आनंद लिया और पूरा वातावरण भक्ति एवं उमंग से सराबोर हो गया। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
विद्यालय में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप रावण दहन का आयोजन किया गया। साथ ही रामायण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों को सत्य, धर्म, मर्यादा, गुरु-भक्ति और माता-पिता के प्रति सम्मान जैसे नैतिक मूल्यों की शिक्षा दी गई। नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती अमृता नरेन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को हमारी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं से परिचित कराना तथा उनमें संस्कारों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि त्योहार बच्चों में सामूहिकता, अनुशासन और सहयोग की भावना भी जागृत करते हैं।
इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य श्रीमती प्रज्ञा चंदा द्वारा विधि-विधान से नवदुर्गा पूजा-अर्चना की गई तथा कन्या भोज का आयोजन कराया गया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को नवरात्रि एवं दशहरा की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और बच्चों को सदैव सत्य एवं अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें