आमला।नगर के यूनिवर्सल हायर सेकेण्डरी स्कूल (पूर्व लाइफ कॅरियर स्कूल) के छात्र उदित पवार ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। उदित ने न केवल मध्यप्रदेश की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया, बल्कि बैतूल जिले में दूसरा और आमला विकासखंड में प्रथम स्थान भी हासिल किया। इस सफलता ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस उपलब्धि को समर्पण और मेहनत का परिणाम बताया है। उदित की सफलता से स्कूल में उत्साह का माहौल है।
बिना कोचिंग हासिल की सफलता, साधारण परिवार से आते हैं उदित

उदित पवार की इस सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के यह मुकाम हासिल किया। विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में ही उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। उदित के पिता गिरधारी पवार ऑटो चालक हैं, जबकि उनकी माता सिलाई का काम करती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उदित ने कठिन परिश्रम और लगन से यह उपलब्धि प्राप्त की। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। परिवार और शिक्षकों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताया है।
स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 10वीं-12वीं में कई छात्र प्रावीण्य सूची में शामिल

विद्यालय की छात्रा रिदा ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अंश निरापुरे ने 89.4 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं के कुल 14 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर प्रावीण्य सूची में जगह बनाई। वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा में अश्विनी छेरकी ने 94 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्शी खान, मयुर बिन्जवे और मन्नत कौर अरोरा ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 12वीं के 30 विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर शासन द्वारा 25 हजार रुपये की लैपटॉप सहायता दी जाएगी। इस सफलता पर संस्था के संचालकों, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई दी।








