गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस
बैतूल 13 अप्रैल,2026/ नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार मीडिया से रूबरू होते हुए प्रशासन की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जिले में गुड गवर्नेंस को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बताया कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनसमस्याओं के निराकरण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जाए तथा हर शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय अनियमितताओं और गड़बड़ी पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को धरातल पर उपयोगी और टिकाऊ बनाने के निर्देश सभी सीएमओ एवं सीईओ को दिए गए हैं। तकनीकी विशेषज्ञों के परामर्श से जल संरचनाओं और निर्माण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा क्षेत्रों में मैदानी संस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न विभागों के कार्यों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
0000







